Toxic Record: ओपनिंग डे पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली 7 फिल्में कौन सी हैं, किस नंबर पर है टॉक्सिक?
टॉक्सिक की बात करें तो ये फिल्म ओपनिंग डे पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक है. लेकिन इसके बाद भी ये 6 बड़ी मूवीज से पीछे छूट गई है. आइए जानते हैं क्या कहते हैं बॉक्स ऑफिस के रिकॉर्ड्स.
Toxic Movie Box Office: टॉक्सिक फिल्म को लेकर काफी समय से चर्चा थी और फैंस बेसब्री से इसकी रिलीज का इंतजार कर रहे थे. अब इस फिल्म को रिलीज कर दिया गया है. टॉक्सिक ने सिनेमाघरों में आते ही वो भूचाल मचाया है जिसकी उम्मीद की जा रही थी. फिल्म के ओपनिंग डे के कलेक्शन के आधिकारिक आंकड़े आ गए हैं. टॉक्सिक फिल्म ने रिलीज के ओपनिंग डे पर 150 करोड़ रुपये की कमाई कर के दिखा दी है. इस फिल्म ने जवान, लियो और पठान जैसी फिल्मों के ओपनिंग डे कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है. लेकिन इसके बाद भी ये फिल्म 6 फिल्मों से पिछड़ गई है.
टॉक्सिक ने शुरुआत तो बहुत अच्छी की है लेकिन इसके बाद भी फिल्म कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई है और कुछ फिल्मों से तो काफी पीछे रह गई है. आइए जानते हैं कि वो कौन सी 6 फिल्में हैं जिन्हें टॉक्सिक ओपनिंग डे पर टक्कर नहीं दे सकी.
किन 6 फिल्मों से पीछे रह गई टॉक्सिक?
टॉक्सिक फिल्म की बात करें तो ये फिल्म अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 द रूल से पीछे रह गई. इस फिल्म का ओपनिंग डे कलेक्शन रिपोर्ट्स के मुताबिक 265 करोड़ रुपये का रहा था. वहीं ऑस्कर विनिंग फिल्म RRR से भी टॉक्सिक अच्छे-खासे मार्जिन से पीछे रह गई है. इस फिल्म का कलेक्शन 223 करोड़ रुपये का था. वहीं प्रभास की बाहुबली 2 फिल्म ने भी ओपनिंग डे पर 212.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. इन तीनों ही फिल्मों से टॉक्सिक भारी अंतर से पीछे रह गई है. पुष्पा 2 की कमाई की तुलना में टॉक्सिक करीब 115 करोड़ रुपये से पीछे रह गई है जो एक बड़ा अंतर है.
वहीं इस लिस्ट में अगली फिल्म कल्कि 2898 एडी है. इस फिल्म का कलेक्शन 171 करोड़ रुपये का रहा था. वहीं यश अपनी ही फिल्म का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए हैं. उनकी फिल्म केजीएफ चैप्टर 2 ने 170 करोड़ रुपये की कमाई की थी. ये फिल्म पांचवे नंबर पर है. वहीं इसके अलावा प्रभास की सालार फिल्म भी ओपनिंग डे पर रिपोर्ट्स के मुताबिक 162 करोड़ रुपये का कलेक्शन करने में सफल रही थी. वहीं इस फिल्म से भी यश की टॉक्सिक पीछे रह गई है. ये फिल्म ओपनिंग डे पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली 7वीं फिल्म बन गई है. फिल्म टॉप 5 ना सही लेकिन टॉप 10 ओपनिंग डे हाइएस्ट ग्रॉसिंग फिल्मों की लिस्ट में अपना नाम दर्ज कराने में सफल रही है.
कितना है टॉक्सिक का बजट?
टॉक्सिक के बजट की बात करें तो रिपोर्ट्स के मुताबिक ये फिल्म 500 करोड़ के बजट में बनकर तैयार हुई है. फिल्म का कलेक्शन पहले दिन तो अच्छा गया है. अगर पहले वीकेंड में ये फिल्म अपने फ्लो को मेंटेन रखती है तो ऐसे में फिल्म एडवांस बुकिंग को मिलाकर ओपनिंग डे पर अपना बजट वसूल कर सकती है. उम्मीद तो यही है कि फिल्म को 1000 करोड़ रुपये का कलेक्शन पार करने में समय नहीं लगेगा. लेकिन देखना होगा कि ये फिल्म पहले दिन ही दर्शकों से मिले मिक्स्ड व्यूज के बाद कैसे अपनी आपको बॉक्स ऑफिस पर मजबूत बनाए रख पाती है.




