Niu Lai: पहले 300 टिकट भी नहीं बिके, फिर ट्रोलिंग ने बदली फिल्म की किस्मत, बजट से 2000 गुना ज्यादा हुई कमाई
Niu Lai: आज बात एक ऐसी फिल्म की, जिसे कम बजट में बनाया गया, लेकिन वो एक बड़ी प्रॉफिटेबल फिल्म साबित हुई. हालांकि, शुरुआत में उसे साल '2026 की सबसे बकवास फिल्म' तक कहा गया था.
Niu Lai Movie: इन दिनों चीन की एक छोटे की बजट फिल्म जबरदस्त सुर्खियां बटोर रही है. वजह है पहले खराब विजुअल्स की वजह से ट्रोलिंग और फिर बॉक्स ऑफिस पर ऐसी रफ्तार पकड़ना की कमाई देख दुनिया हैरान रह जाए. पिक्चर का नाम ‘निउ लाई’ (Niu Lai), जो 86 मिनट की एनिमेटेड फिल्म है. 5 अगस्त को ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई, लेकिन लोगों को कुछ खास पसंद नहीं आई और सोशल मीडिया पर आलोचना शुरू हो गई.
लोगों के इस पिक्चर के विजुअल्स कुछ खास पसंद नहीं आए. कंटेंट भी नहीं जमा. ऐसे में दर्शकों ने इसे ‘साल 2026 की सबसे खराब फिल्म’ तक कह दिया. बताया जा रहा है कि शरुआती 10 दिनों में इस फिल्म के 300 टिकट भी नहीं बिके थे. 7700 युआन यानी भारतीय रुपये के हिसाब से लगभग 1 लाख रुपये की कमाई हुई थी. ये सब देखते हुए माना जा रहा था कि इस पिक्चर का डिजास्टर होना तय है. हालांकि, ट्रोलिंग ने ही इसकी किस्मत बदल दी.
‘निउ लाई’ कलेक्शन और बजट
ट्रोलिंग से लोगों में ‘निउ लाई’ को लेकर उत्सुकता बढ़ी और साथ में थिएटर में बीढ़ भी. नतीजा ये हुआ कि ये पिक्चर ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर साबित हो गई. चीन की फिल्म ट्रैकिंग साइट ‘माओयान’ के अनुसार ये पिक्चर 14.9 मिलियन युआन का कलेक्शन कर चुकी है, जो कि भारतीय रुपये के हिसाब से 20 करोड़ रुपये से भी ज्यादा होता है. कलेक्शन का आंकड़ा इसलिए खास है, क्योंकि ये बेहद छोटे बजट की फिल्म है.
दरअसल, मेकर्स की तरफ से ‘निउ लाई’ का बजट सार्वजनिक तो नहीं किया गया है, लेकिन कुछ रिपोर्ट्स का कहना है कि ये फिल्म महज कुछ हजार रुपये में बनी है. हालांकि, कई रिपोर्ट्स में ये भी कहा जा रहा है कि इस पिक्चर का बजट भारतीय रुपये के हिसाब से लगभग 1 लाख है. अगर 1 लाख भी मान लें तो इस हिसाब से इस पिक्चर ने लागत से 2000 गुना कमाई कर ली है.
मां-बेटे ने बनाई फिल्म
खास बात ये है कि इस फिल्म को किसी बड़े डायरेक्टर या फिर बड़े प्रोडक्शन हाउस ने नहीं बनाया है, बल्कि इसका सारा काम मां बेटे की जोड़ी ने किया है. मां का नाम सन लिफांग है और बेटे का नाम शिन युमेंग है. बिना किसी स्टूडियो के इन दोनों ने खुद से कंप्यूटर के जरिए एक ऐसी फिल्म तैयारी कर दी, जिसकी अब दुनियाभर में चर्चा हो रही है. दोनों को ये फिल्म बनाने में तकरीबन 5 साल लगे.
ये भी पढ़ें-
दिल तो पागल है में अक्षय कुमार ने फ्री में किया था काम? यश चोपड़ा ने नहीं दिए थे पैसे!
फेक ड्रेस से फेक एक्टिंग तकशालिनी पासी और मल्लिका शेरावत क्यों भिड़ीं?
‘निउ लाई’ फिल्म के बारे में
‘निउ लाई’ का हिंदी में मतलब होता है ‘गाय आ गई.’ इसमें एक बछड़े की कहानी दिखाई है, जो अपनी मां और बाकी गायों के साथ रहती है. हालांकि, उसकी जिंदगी तब एक अलग दिशा में चली जाती है जब वो एक चिड़िया का पीछा करते हुए एक अलग दुनिया में पहुंच जाती है. उसकी जान भी खतरे में पड़ जाती है. कमाई का सिलसिला अब भी जारी है.




