जिस ग्राउंड के बाहर हुआ हमला, वहां अकेले नहीं थे टाइगर, अपारशक्ति खुराना समेत ये सितारे भी खेल रहे थे फुटबॉल
मुंबई के जुहू इलाके के पुष्पा पार्क (JVPD ग्राउंड) में फुटबॉल मैच खेलकर लौट रहे टाइगर श्रॉफ पर हमला हुआ. घटना से ठीक पहले मैदान पर अपारशक्ति खुराना और अभिमन्यु दसानी जैसे कई सितारे मौजूद थे.
The Stars Who Were Playing Football With Tiger Shroff: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर रविवार (18 अक्टूबर) को मुंबई के जुहू इलाके में हुए जानलेवा हमले ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैंस को सन्न कर दिया है. इस फायरिंग में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर फिरदौस समेत दो लोग घायल हो गए. दरअसल, ये घटना तब हुई जब टाइगर श्रॉफ जुहू के पुष्पा पार्क (JVPD ग्राउंड) से एक सेलिब्रिटी फुटबॉल मैच खेलने के बाद घर वापस लौट रहे थे.
इस फ्रेंडली फुटबॉल मैच में कुल 18 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें बॉलीवुड और टेलीविजन इंडस्ट्री के कई जाने-माने चेहरे शामिल थे. मैदान पर टाइगर श्रॉफ के साथ अभिनेता अपारशक्ति खुराना और अभिमन्यु दसानी के साथ कई एक्टर्स भी फुटबॉल खेल रहे थे. कोरियोग्राफर सीजर गोंसाल्वेस और लोकप्रिय टीवी एक्टर अभिषेक बजाज व करणवीर मेहरा भी उस मैच का हिस्सा थे.
टाइगर की कार के पीछे थी करणवीर मेहरा की गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों और वहां मौजूद सितारों के मुताबिक मैच खत्म होने के बाद जब टाइगर श्रॉफ ग्राउंड से अपनी बीएमडब्ल्यू कार से घर जाने के लिए रवाना हुए, तो ग्राउंड के बाहर उनके फैंस और कुछ बच्चे भी मौजूद थे जो बर्थडे पार्टी मना रहे थे. उसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. घटनास्थल पर मौजूद रहे एक्टर करणवीर मेहरा ने एक न्यूज चैनल से बातचीत करते हुए उस भयानक मंजर को याद किया. उन्होंने बताया कि उनकी कार ठीक टाइगर की गाड़ी के पीछे थी.
जब तक वे लोग गेट से बाहर निकले, तब तक वहां अफरा-तफरी मच चुकी थी और हर कोई इधर-उधर भाग रहा था. शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद पटाखों की आवाज है, लेकिन कुछ ही पलों में एहसास हुआ कि ये एक बड़ा जानलेवा हमला था जिसमें टाइगर का ड्राइवर घायल हो गया.
ये भी पढ़ें-
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के राडार पर हैं ये 7 बड़े नाम! जानिए किस-किस पर और कब-कब हुए हमले
आयुष्मान खुराना की उड़ता तीर नेपाल में बैन, सरकार ने नहीं दी रिलीज की इजाजत, बताई ये वजह
पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस खौफनाक वारदात के बाद से न सिर्फ टाइगर श्रॉफ के चाहने वाले बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री सदमे में है. हमले के बाद मुंबई पुलिस एक्शन में आई. पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं और 19 अक्टूबर को पुलिस को बड़ी कामयाबी भी मिली. राजस्थान के कोटा से पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. अभी भी मामले की जांच चल रही हैं.




