The Traitors 2: मुनव्वर को बाहर करने वाले अभिषेक मल्हान खुद हुए बाहर, कुल्लू के आउट होते ही बचे सिर्फ 2 ट्रेटर्स!

The Traitors 2: मुनव्वर को बाहर करने वाले अभिषेक मल्हान खुद हुए बाहर, कुल्लू के आउट होते ही बचे सिर्फ 2 ट्रेटर्स!

The Traitors 2: 'द ट्रेटर्स' के लेटेस्ट एपिसोड्स में बड़ा ट्विस्ट आया है. जहां ट्रेटर कुल्लू को इनोसेंट्स (मासूम) ने पकड़कर बाहर किया, वहीं गेम के मास्टरमाइंड अभिषेक मल्हान भी आउट हो गए हैं.

The Traitors 2: ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम हो रहे करण जौहर के माइंड गेम रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ के सीजन 2 में सस्पेंस, धोखे और रणनीति का खेल दिन ब दिन और भी दिलचस्प हो रहा है. शो के लेटेस्ट एपिसोड्स के सामने आते ही खेल में ऐसा जबरदस्त उलटफेर हुआ है, जिसने दर्शकों के साथ-साथ महल में मौजूद कंटेस्टेंट्स के भी होश उड़ा दिए हैं. एक ही झटके में शो से तीन बड़े खिलाड़ी बाहर हो चुके हैं, जिसमें एक ट्रेटर का पकड़ा जाना और दो मजबूत इनोसेंट्स का बाहर होना शामिल है.

‘द ट्रेटर्स’ के इस राउंड टेबल पर इनोसेंट्स ने एक बार फिर अपनी सूझबूझ का लोहा मनवाया. पिछले एपिसोड्स में जहां हरमन सिंघा को एक्सपोज कर बाहर का रास्ता दिखाया गया था, वहीं इस बार निशाने पर आए कॉमेडियन कुल्लू. इनोसेंट्स ने उनकी चालों को भांपते हुए भारी मतों से उन्हें एलिमिनेट कर दिया. कुल्लू के बाहर होते ही यह साबित हो गया कि वह ट्रेटर थे. अब शो में बतौर ट्रेटर सिर्फ क्रिस्टल डिसूजा और क्रिकेटर शुभमन गिल की बहन शहनील गिल ही बची हैं.

अभिषेक मल्हान और पारुल गुलाटी का एविक्शन

हालांकि कुल्लू को बतौर ट्रेटर बेनकाब करने से पहले निर्दोष खिलाड़ियों को भारी कीमत चुकानी पड़ी और दो मजबूत दावेदारों को शो से बाहर होना पड़ा. सबसे पहले पारुल गुलाटी सर्किल ऑफ शक में अपने साथी इनोसेंट का शिकार बनीं, जिन्होंने पिछले राउंड में हरमन सिंघा का सच सामने लाने में बड़ी भूमिका निभाई थी. इसके बाद खुद को गेम का सबसे बड़ा मास्टरमाइंड समझने वाले यूट्यूबर अभिषेक मल्हान (फुकरा इंसान) को भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. ये वही अभिषेक थे जिन्होंने पिछले एपिसोड्स में मुनव्वर फारूकी को बेघर करने में मुख्य रोल निभाया था.

शो में इन दोनों निर्दोष खिलाड़ियों की बलि चढ़ने के बाद खेल का रुख पूरी तरह बदल गया. पारुल को बाहर करना और क्रिस्टल डिसूजा को बचाने की कोशिश करना आखिरकार कुल्लू के लिए ही उल्टा पड़ गया. पारुल और अभिषेक के जाने के बाद बाकी खिलाड़ियों की नजरें कुल्लू की संदिग्ध हरकतों पर टिक गईं और उनका शक यकीन में बदल गया. नतीजतन, अभिषेक का मर्डर (शो से बाहर) होते ही अगले ही राउंड में कुल्लू भी पकड़े गए और शो से उनका पत्ता साफ हो गया.

दलीप ताहिल की एंट्री ने बढ़ाया रोमांच

अभी घरवाले इन तीन बड़े एलिमिनेशन के सदमे से उबर भी नहीं पाए थे कि शो में दिग्गज अभिनेता दलीप ताहिल की धमाकेदार एंट्री हो गई है. दलीप ताहिल के खेल में शामिल होने से समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं. अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या बचे हुए इनोसेंट्स बाकी दो ट्रेटर्स यानी क्रिस्टल और शहनील को बेनकाब कर पाएंगे, या फिर ये दोनों ट्रेटर्स अपनी शातिर चालों से सभी इनोसेंट्स का शिकार कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लेंगी? आने वाले एपिसोड्स में ड्रामा और भी विस्फोटक होने वाला है.

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More