Russia-Ukraine War: जेलेंस्की युद्ध रोकने को तैयार, कहा- यूक्रेन का 75 फीसदी हिस्सा ही मिल जाए
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए मौजूदा फ्रंटलाइन को यथावत रखने की इच्छा जताई है, इसे 'सीजफायर' कहा है.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक इंटरव्यू में कहा कि वे रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करना चाहते हैं और वह युद्ध की फ्रंट लाइन्स को यथावत बनाए रखने के लिए तैयार हैं, यानि रूस ने यूक्रेन के जितने हिस्से पर कब्जा कर लिया है उतने हिस्से को जेलेंस्की छोड़ने के लिए तैयार हैं. हालांकि रूस एक बड़ी रणनीति के तहत यूक्रेन पर हमले की तैयारी में जुटा हुआ है.
फॉक्स न्यूज के इंटरव्यू में जब जेलेंस्की से पूछा गया कि क्या वे एक ऐसे शांति समझौते को स्वीकार करेंगे जिसमें मौजूदा स्थिति को फ्रीज़ कर दिया जाए, जिसके तहत यूक्रेन के पास उसका 75 फीसदी या उससे ज्यादा इलाका बना रहे, तो ज़ेलेंस्की ने जवाब दिया, हां. यक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि अभी हमें स्थिति को फ्रीज़ करने की जरूरत है और मुझे लगता है कि इस युद्ध को खत्म करने का यही असली रास्ता है. हम इसे ‘सीज़फायर’ कहते हैं.
जेलेंस्की ने उम्मीद जताई थी उन्हें रूस में अमेरिकी दूत स्टीव विटकोफ की बैठक से सकारात्मक परिणाम मिलेंगे और उन्होंने कीव, वाशिंगटन और मॉस्को के नेताओं के बीच बातचीत का समर्थन किया. उन्होंने बताया कि मंगलवार को नॉर्वे के ओस्लो में विटकोफ के साथ उनकी बातचीत सार्थक रही और यूक्रेन कूटनीति के लिए तैयार है.
रूस ने यूक्रेन के लिए 700 बैलिस्टिक मिसाइलें कीं जमा
इधर, यूक्रेन से लंबी जंग के लिए रूस तैयारी में जुटा हुआ है. उसने यूक्रेन पर हमले के लिए 700 बैलिस्टिक मिसाइलें और 6000 से ज्यादा अटैक ड्रोन जमा किए हैं. मॉस्को हर महीने लगभग 10,000 ड्रोन बना रहा है और अपने हथियारों के जखीरे को बढ़ा रहा है, ताकि वो यूक्रेन के एयर डिफेंस को पछाड़ सके.
यूक्रेन के निप्रोपेत्रोवस्क पर पिछले 24 से 48 घंटों में रूस के लगातार भीषण हवाई हमले जारी हैं. उसके हमलों के कारण कई इलाकों में भीषण आग लग गई और जान-माल का नुकसान हुआ है. इससे पहले भी रूसी गाइडेड हवाई बम से हमले किए गए, जिनमें घरों को नुकसान पहुंचा. रूसी ड्रोन और मिसाइल हमलों ने डुबनो में एपिसेंटर शॉपिंग सेंटर को निशाना बनाया. हमले की वजह से पूरी तरह जमींदोज हो गया और वहां भीषण आग लग गई. रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उन्होंने डुबनो में यूक्रेन के एक लॉजिस्टिक्स सेंटर को निशाना बनाया है.
रूस ने 15 एनर्जी फैसिलिटी को तबाह किया
यूक्रेन की सेना ने रूस के कब्जे वाले डोनेस्क में एनर्जी फैसिलिटी पर हमला किया गया. उसने हाल के हमलों में यूक्रेन की लगभग 15 एनर्जी फैसिलिटी को तबाह कर दिया. इन सेंटर से यूक्रेन के अलग-अलग इलाके में बिजली सप्लाई की जाती थी. वहीं, यूक्रेन भी हमले कर रहा है और उसने रूस के ताम्बोव में निकोल्स्कोये तेल पंपिंग स्टेशन पर ड्रोन अटैक किया. पंपिंग स्टेशन पर कई घंटों तक ड्रोन हमले होते रहे. ये स्टेशन मुख्य तेल पाइपलाइन प्रणाली का हिस्सा है और तेल, हल्के पेट्रोलियम उत्पादों के परिवहन में शामिल है.




