Bhojpuri Bawaal: मैं महंगा हूं, सस्ता नहीं…जिस शो में पवन, निरहुआ-आम्रपाली, उसे खेसारी लाल यादव ने क्यों ठुकराया?
Bhojpuri Bawaal: जियोहॉटस्टार के नए रिएलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में खूब बवाल मचा है. इसमें पवन सिंह से निरहुआ तक हैं. पर खेसारी लाल यादव इसका हिस्सा नहीं. अब उन्होंने इसकी वजह बताई है.
Khesari Lal Yadav On Bhojpuri Bawaal: जियोहॉटस्टार पर इन दिनों भोजपुरी कलाकारों का शो ‘भोजपुरी बवाल’ खूब पसंद किया जा रहा है. इस शो में भोजपुरी के कई टॉप कलाकार नज़र आ रहे हैं. ये भोजपुरी सेलिब्रिटीज का पहला रिएलिटी शो है. इसमें पवन सिंह, निरहुआ (दिनेश लाल यादव), आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी, रानी चटर्जी जैसे कलाकार दिखाई दे रहे हैं. साथ ही शो का हिस्सा तेज प्रताप यादव भी हैं. शो का हिस्सा कई दिग्गज कलाकार हैं, लेकिन इसमें खेसारी लाल यादव नज़र नहीं आ रहे हैं. अब खेसारी ने शो का हिस्सा नहीं होने पर रिएक्ट किया है. उन्होंने कहा है कि सबसे पहले मुझे ही शो का ऑफर मिला था.
खेसारी लाल यादव ने एक इंटरव्यू में शो का हिस्सा नहीं होने के सवाल पर कहा, “सबसे पहले मेरे पास ही शो आया था.” जब खेसारी से कारण पूछा गया तो उन्होंने कहा, “मेरा अमाउंट थोड़ा ज्यादा होता है…महंगा हूं. हां, सस्ता नहीं हूं मैं. इसलिए जहां दिखता हूं बेहतर दिखता हूं.”
भोजपुरी बवाल में भोजपुरी कहां?
उन्होंने कहा कि मैं खुद को बेचने और काम करने के लिए कुछ भी करने को तैयार नहीं हो जाता हूं. खेसारी कहते हैं, “भोजपुरी बवाल में सिर्फ ‘भोजपुरी बवाल’ नाम है, लेकिन आप कितनी बार भोजपुरी सुने हैं उसमें? आप भोजपुरी बवाल नाम रखे हो तो मुझे लगता है कि बात भोजपुरी की होनी चाहिए…सब हिंदी में ही बात कर रहे थे. भोजपुरी बवाल कहां है? लेकिन ठीक है वो उनका अपना फॉर्मेट है. वो शो बेहतर है.”
सभी कंटेस्टेंट को दी शुभकामनाएं
इस दौरान खेसारी ने तमाम कंटेस्टेंट को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “भगवान करे कि शो बहुत बड़ा बने. मेरी तरफ से शुभकामनाएं उस शो के जितने भी मेंबर हैं, क्योंकि मेहनत होती है हर चीज में. बेचारे मेहनत कर रहे हैं. वो चले. मैं हूं या नहीं हूं, ये बात मायने नहीं रखती है. वहां पर हमारे भोजपुरी भाषा के लोग हैं. भगवान करे सबको उन्नति मिले. सबको प्यार मिले.”




