Ramayana: भगवान राम का किरदार निभाया है तो चरित्र से मत भटकना…रणबीर कपूर से ऐसा क्यों बोले धीरेंद्र शास्त्री?
Dhirendra Shastri On Ranbir Kapoor: रणबीर कपूर द्वारा भगवान राम का किरदार निभाने पर धीरेंद्र शास्त्री की प्रतिक्रिया आई है. टीवी9 भारतवर्ष से बातचीत में उन्होंने रणबीर को खास हिदायत दी है.
Dhirendra Shastri On Ranbir Kapoor: इसी साल दिवाली के मौके पर डायरेक्टर नितेश तिवारी ‘रामायण’ के नाम से फिल्म ला रहे हैं. इसमें रणबीर कपूर भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं. जब ये खबर आई थी कि रणबीर इसमें लीड रोल में हैं, उसके बाद सोशल मीडिया पर रणबीर की आलोचना भी हुई. अब जब बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री से ‘रामायण’ में रणबीर कपूर के भगवान राम का किरदार निभाने को लेकर सवाल हुआ. इसपर उन्होंने रणबीर के लिए कहा कि भगवान राम का किरदार निभाया है तो चरित्र से मत भटक जाना.
धीरेंद्र शास्त्री TV9 भारतवर्ष के &5 कार्यक्रम में शामिल हुए. उस दौरान उन्होंने कई मुद्दों पर बात की. जब उनसे ये पूछा गया, “एक फिल्म आ रही है ‘रामायण’ और इसमें एक्टर हैं रणबीर कपूर, जो राम का किरदार निभा रहे हैं. अब लोगों का कहना है कि जो एक्टर बीफ खाता है, वो कैसे राम का किरदार निभा सकता है. आप इसे कैसे देखते हैं?”
धीरेंद्र शास्त्री का जवाब
धीरेंद्र शास्त्री ने इस सवाल पर कहा, “राम के चरित्र को निभाने के लिए राम के जैसा चरित्र बनाना तो चाहिए. अब पहले जो भी रहा हो. शायद फिल्म बन गई होगी, हमें पता नहीं रिलीज हुई या होगी. अभी हम इतना कहेंगे कि अब तक जो हुआ सो हुआ. अब इतना ख्याल रखना कि राम जी के चरित्र का चित्रांकन यदि आपने किया तो अब उनके चरित्र से भटक मत जाना, वरना ‘रामायण’ जो पिक्चर बनाई है वो भले ही हिट हो जाए, आप हिट ना हो पाओगे. क्योंकि हमने हनुमान जी के नाम का चोला पहना है. हनुमान जी का नाम लेकर सहारा लिया है तो हम रावण के खानदान का काम नहीं कर सकते.”
धीरेंद्र शास्त्री का इंटरव्यू वीडियो
धीरेंद्र शास्त्री ने अरुण गोविल का किया जिक्र
इस बातचीत में के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने रामानंद सागर की ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभा चुके एक्टर अरुण गोविल से जुड़े एक किस्से का भी जिक्र किया. एक बार अरुण गोविल ने बताया था कि रामानंद सागर की ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाने की वजह से लोग उनकी काफी इज्जत करने लगे थे. एक फिल्म की शूटिंग के दौरान एक फैन ने उन्हें सिगरेट पीते देख लिया था और उनपर काफी गुस्सा भी किया था. उसके बाद अरुण गोविल ने हमेशा के लिए स्मोकिंग छोड़ दी थी. इस किस्से का जिक्र करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, “इससे सीखा जा सकता है कि यदि आप कल तक गलती करते रहे हो, तो अब ना कीजिए, क्योंकि आपने राम के चरित्र को जीवन में उतारा है.”
ये भी पढ़ें-
दिल तो पागल है में अक्षय कुमार ने फ्री में किया था काम? यश चोपड़ा ने नहीं दिए थे पैसे!
फेक ड्रेस से फेक एक्टिंग तकशालिनी पासी और मल्लिका शेरावत क्यों भिड़ीं?
धीरेंद्र शास्त्री ने ये भी कहा, “हम उनको (रणबीर) यही कहेंगे कि अब ‘रामायण’ के बात बहुत संभल कर रहना. आपने ये बहुत बड़ा कार्य तो कर लिया. अब इससे बड़ा कार्य बाकी है. जैसे गाड़ी खरीद लो और गाड़ी को चलाना बहुत कठिन है. ऐसे ही उन्होंने ‘रामायण’ तो बना दी है. अब भगवान राम के चरित्र को जीवन में उतारना बहुत कठिन है.”




